पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली (EMS) - पर्यावरणीय नीति (Environmental Policy)
**********
ISO 14001:2026 EMS मानक के खंड 5.2 में पर्यावरणीय नीति से सम्बंधित अपेक्षाएं दी गई हैं। संगठन की पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली (EMS) के अंतर्गत एक पर्यावरणीय नीति (Environmental Policy) स्थापित, कार्यान्वित और बनाए रखी जानी चाहिए। इस नीति को शीर्ष प्रबंधन द्वारा अनुमोदित (Approved) किया जाना चाहिए तथा संगठन में प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए। पर्यावरणीय नीति संगठन के उद्देश्य और प्रसंग के प्रति उपयुक्त होनी चाहिए। साथ ही पर्यावरणीय नीति संगठन की गतिविधियों, उत्पादों और सेवाओं की प्रकृति, पैमाने (Scale) तथा पर्यावरणीय प्रभावों के अनुरूप होनी चाहिए। पर्यावरणीय नीति ऐसी होनी चाहिए जो पर्यावरणीय उद्देश्यों और लक्ष्यों (Environmental Objectives and Targets) की स्थापना के लिए एक उपयुक्त ढांचा प्रदान करे। पर्यावरणीय नीति में प्रदूषण की रोकथाम और संगठन के प्रसंग के उपयुक्त विशिष्ट प्रतिबद्धताओं सहित पर्यावरण के संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता हो।
उद्देश्य और प्रसंग के प्रति उपयुक्तता को समझना जरूरी है, जिसे हम निम्न उदाहरणों से समझ सकते हैं -
उदाहरण 1 - सीमेंट निर्माण कंपनी - संगठन का उद्देश्य - सीमेंट का उत्पादन और बिक्री।
प्रमुख पर्यावरणीय मुद्दे - धूल उत्सर्जन, ऊर्जा की अधिक खपत, खनिज संसाधनों का उपयोग। सीमेंट कंपनी की नीति में प्रतिबद्धताएँ हो सकती हैं - धूल नियंत्रण प्रणाली का उपयोग, ऊर्जा दक्षता में सुधार, वैकल्पिक ईंधनों का उपयोग, खदान क्षेत्रों का पुनर्वास।
उदाहरण 2 - आईटी कंपनी - संगठन का उद्देश्य - आईटी सेवाएँ प्रदान करना।
प्रमुख पर्यावरणीय मुद्दे - बिजली की खपत, ई-वेस्ट, कागज़ का उपयोग। आईटी कंपनी की पर्यावरणीय नीति में प्रतिबद्धताएँ हो सकती हैं - ऊर्जा-कुशल डेटा सेंटर, ई-वेस्ट का जिम्मेदार निपटान, पेपरलेस कार्य प्रणाली।
उदाहरण 3 - होटल उद्योग - संगठन का उद्देश्य - अतिथि सेवाएँ प्रदान करना। प्रमुख पर्यावरणीय मुद्दे - पानी की खपत, खाद्य अपशिष्ट, ऊर्जा उपयोग। होटल उद्योग की नीति में प्रतिबद्धताएँ - जल संरक्षण, खाद्य अपशिष्ट में कमी, अक्षय ऊर्जा का उपयोग।
उदाहरण 4 – सौर ऊर्जा कंपनी - संगठन का उद्देश्य - अक्षय ऊर्जा (Renewable Energy) समाधान उपलब्ध कराना। प्रमुख पर्यावरणीय मुद्दे - भूमि उपयोग, सौर पैनलों का जीवन-चक्र प्रबंधन, संसाधनों का उपयोग। सौर ऊर्जा कंपनी की नीति में प्रतिबद्धताएँ - स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना, सौर पैनलों के जीवन-चक्र प्रबंधन में पर्यावरणीय दृष्टिकोण अपनाना, संसाधनों के कुशल उपयोग को बढ़ावा देना, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी हेतु योगदान देना।
मानक में यह स्पष्ट किया गया है कि पर्यावरणीय नीति में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अन्य विशिष्ट प्रतिबद्धताओं में प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और सतत उपयोग, संसाधनों का टिकाऊ उपयोग, जलवायु परिवर्तन को कम करना और उसके अनुकूल ढलना; या जैव विविधता या पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा शामिल हो सकती है।
पर्यावरणीय नीति में अपनी अनुपालन की ज़िम्मेदारियों को पूरा करने की प्रतिबद्धता शामिल होनी चाहिए। इसमें पर्यावरणीय निष्पादन को बेहतर बनाने के लिए पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली में लगातार सुधार की प्रतिबद्धता भी शामिल होना चाहिए।
पर्यावरणीय नीति प्रलेखित सूचना के रूप में संगठन के भीतर सभी को सम्प्रेषित और इच्छुक पक्षों को उपलब्ध हो। पर्यावरणीय नीति केवल एक औपचारिक दस्तावेज़ नहीं होनी चाहिए, बल्कि संगठन के निर्णयों, उद्देश्यों और दैनिक गतिविधियों में परिलक्षित होनी चाहिए।
पर्यावरणीय नीति का नमूना (Sample Environmental Policy)
******
XYZ मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड
पर्यावरणीय नीति (Environmental Policy)
XYZ मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड अपने सभी व्यावसायिक कार्यों में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है।
हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि हमारी गतिविधियाँ, उत्पाद और सेवाएँ पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को न्यूनतम करें तथा पर्यावरणीय प्रदर्शन में निरंतर सुधार को बढ़ावा दें।
इस प्रतिबद्धता के अंतर्गत हम —
- अपने अनुपालन दायित्वों (Compliance Obligations) तथा अन्य लागू कानूनी और नियामक अपेक्षाओं का पालन करेंगे।
- प्रदूषण की रोकथाम (Prevention of Pollution) तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी नियंत्रण उपाय लागू करेंगे।
- ऊर्जा, जल तथा अन्य प्राकृतिक संसाधनों के दक्ष और टिकाऊ उपयोग को बढ़ावा देंगे।
- अपशिष्ट (Waste) उत्पन्न होने को कम करने तथा पुनः उपयोग (Reuse) एवं पुनर्चक्रण (Recycling) को प्रोत्साहित करेंगे।
- जहाँ संभव हो, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने तथा जलवायु परिवर्तन से संबंधित जोखिमों का प्रबंधन करने का प्रयास करेंगे।
- जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यों का संचालन करेंगे।
- पर्यावरणीय उद्देश्यों और लक्ष्यों की स्थापना करेंगे तथा उनकी नियमित समीक्षा करेंगे।
- पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली (EMS) की प्रभावशीलता तथा पर्यावरणीय निष्पादन में निरंतर सुधार सुनिश्चित करेंगे।
- कर्मचारियों, ठेकेदारों और अन्य संबंधित पक्षों में पर्यावरणीय जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देंगे।
- जलवायु परिवर्तन से संबंधित जोखिमों और अवसरों का मूल्यांकन कर उपयुक्त कार्रवाई करेंगे।
यह नीति संगठन के भीतर सभी कर्मचारियों को संप्रेषित की जाएगी तथा इच्छुक पक्षों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
(हस्ताक्षर)
प्रबंध निदेशक / मुख्य कार्यकारी अधिकारी
XYZ मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड
******
सार
पर्यावरणीय नीति ISO 14001 EMS का आधारभूत दस्तावेज़ है। यह केवल एक औपचारिक घोषणा नहीं, बल्कि संगठन की पर्यावरणीय दिशा, प्रतिबद्धताओं और प्राथमिकताओं का सार्वजनिक वक्तव्य है। एक प्रभावी पर्यावरणीय नीति संगठन को पर्यावरणीय उद्देश्यों की स्थापना, अनुपालन दायित्वों के पालन, पर्यावरण संरक्षण तथा निरंतर सुधार की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती है। शीर्ष प्रबंधन की वास्तविक प्रतिबद्धता और एक प्रभावी पर्यावरणीय नीति, ISO 14001 EMS की सफलता की आधारशिला है।
सादर,
केशव राम सिंघल
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें