ISO 14001:2026 EMS मानक - सामान्य जानकारी
*********
ISO 14001:2026 EMS मानक, ISO द्वारा निर्धारित प्रबंध प्रणाली मानकों की समान संरचना (Harmonized Structure - HS) के आधार पर विकसित किया गया है। इन अपेक्षाओं में एक जैसी संरचना, एक जैसा मुख्य पाठ (core text), और मूल परिभाषा (core definitions) के साथ सामान्य पद (common terms) शामिल हैं, जिन्हें कई ISO प्रबंध प्रणाली मानकों (जैसे ISO 9001 QMS, ISO 45001 (OH&S), ISO 50001 (Energy Management), ISO 10012 (Measurement Management) जैसे मानकों को लागू करने वाले उपयोगकर्ताओं को लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया है। यहाँ यह बताना जरूरी है कि ISO ने अब आधिकारिक तौर पर 'High Level Structure (HLS)' शब्द को अपडेट करके 'Harmonized Structure (HS)' कर दिया है।
ISO 14001:2026 EMS मानक में दूसरी प्रबंध प्रणालियों, जैसे क्वालिटी, ऑक्यूपेशनल हेल्थ और सेफ़्टी, एनर्जी या फ़ाइनेंशियल मैनेजमेंट के लिए खास अपेक्षाएँ शामिल नहीं हैं। हालाँकि, ISO 14001 EMS मानक एक संगठन को अपनी पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली को दूसरी प्रबंध प्रणाली की अपेक्षाओं के साथ जोड़ने के लिए एक सामान्य दृष्टिकोण और जोखिम-आधारित सोच का इस्तेमाल करने में मदद करता है।
ISO 14001:2026 EMS मानक में वे अपेक्षाएँ शामिल हैं जिनका इस्तेमाल इसके अनुपालन का पता लगाने के लिए किया जाता है। एक संगठन ISO 14001 EMS की अनुरूपता (conformity) निम्न तरीकों से प्रदर्शित कर सकता है -
- आत्म-निर्णय (Self-determination) और स्व-घोषणा (Self-declaration)
- रूचि रखने वाले पक्ष (Interested parties) द्वारा पुष्टि (जैसे ग्राहक)
- बाहरी व्यक्ति द्वारा सत्यापन (Second-party verification)
- प्रमाणन निकाय द्वारा प्रमाणन (Third-party certification)
यहाँ यह ध्यान देने की बात है कि संगठन द्वारा पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली का प्रमाणन/पंजीकरण करवाना मानक की अपेक्षा नहीं है, यह संगठन का अपना निर्णय होता है। संगठन बिना प्रमाणन/पंजीकरण के भी ISO 14001:2026 EMS मानक को अपने संगठन में लागू कर सकता है।
कई देशों में स्थानीय निकाय (Municipalities), पानी/ऊर्जा utilities, सरकारी विभाग आदि संगठन अक्सर ISO 14001 EMS मानक लागू करते हैं, परंतु third-party certification नहीं लेते। कारण वे इस प्रकार कार्यान्वयन लागत (cost) बचाते हैं, ISO 14001 EMS मानक कार्यान्वित करना उनका सार्वजनिक उत्तरदायित्व (public accountability) है और वे ऐसा आंतरिक पारदर्शिता के लिए करते हैं। ऐसे संगठनों में स्व-घोषणा (self-declaration) अधिक प्रचलित है। बहुत से माध्यम और छोटे संगठन (Small & Medium Enterprises - SMEs) ISO 14001 EMS मानक अपनाते हैं, आंतरिक संपरीक्षण (Internal audits) करते हैं, लेकिन प्रमाणन (certification) नहीं लेते। कारण - लागत सीमाएँ, ग्राहक द्वारा प्रमाणन (certification) की अनिवार्यता न होना और केवल आतंरिक सुधार पर ध्यान देना होता है।
ISO 14001:2026 EMS मानक में कुल 10 खंड (Clauses) हैं। इनमें खंड 1 “कार्यक्षेत्र (Scope)”, खंड 2 “मानक संदर्भ (Normative References)” तथा खंड 3 “शब्दावली और परिभाषाएँ (Terms and Definitions)” को प्रस्तुत करते हैं। कार्यक्षेत्र (Scope) पर अलग से आलेख में विस्तार से चर्चा की गई है।
ISO 14001:2026 EMS मानक में कोई विशिष्ट मानक संदर्भ (Normative Reference) उल्लेखित नहीं किया गया है। खंड 3 में इस मानक से संबंधित कुल 32 पद एवं उनकी परिभाषाएँ दी गई हैं, जिनके माध्यम से पाठक इन तकनीकी शब्दों का अर्थ स्पष्ट रूप से समझ सकते हैं। इन पदों की व्याख्या आवश्यकता अनुसार विभिन्न आलेखों में क्रमशः की जा सकती है।
खंड 4 से खंड 10 तक पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली (Environmental Management System - EMS) की अपेक्षाएँ (Requirements) दी गई हैं। यदि कोई संगठन ISO 14001:2026 EMS मानक को लागू करता है, तो इन सभी अपेक्षाओं का पालन करना आवश्यक होता है।
अनुलग्नक A, ISO 14001:2026 EMS मानक की अपेक्षाओं की गलत समझ को रोकने के लिए स्पष्टीकरण प्रदान करता है। यह खंड अपेक्षाओं की व्याख्या करता है। ISO 14001:2026 EMS मानक ढाँचे का विशिष्ट पर्यावरणीय विषयों पर मार्गदर्शन ISO 14002 सीरीज़ में दिया गया है। पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली पर कार्यान्वयन मार्गदर्शन ISO 14004 में शामिल है। अनुलग्नक A केवल मार्गदर्शन के लिए है और यह गैर-अनिवार्य (Informative/Non-mandatory) है।
अनुलग्नक A.3 ISO 14001:2026 EMS मानक में इस्तेमाल किए गए खास शब्दों और वाक्यांशों के बारे में और जानकारी देता है ताकि पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली (EMS) से जुडी अवधारणा की समझ को बढ़ाया जा सके।
ISO 14001:2026 EMS कार्यान्वयन के प्रमुख लाभ -
- पर्यावरणीय प्रभावों की पहचान और नियंत्रण
- कानूनी एवं विनियामक अनुपालन में सहायता
- संसाधनों (जल, ऊर्जा) का कुशल उपयोग
- अपशिष्ट (waste) में कमी
- संगठन की साख (reputation) में वृद्धि
सार
ISO 14001:2026 EMS मानक संगठनों को पर्यावरणीय उत्तरदायित्व निभाने, जोखिम-आधारित सोच अपनाने तथा सतत विकास (Sustainable Development) की दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करने हेतु एक सशक्त ढाँचा प्रदान करता है।
सादर,
केशव राम सिंघल
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें